प्रयागराज में शहीद दीनानाथ का मंदिर बनकर तैयार हो गया है। मुरारपट्टी सुमेरपुर गांव के वीर दीनानाथ भारतीय सेना में गार्ड्समैन थे। वे 1971 में हुए भारत-पाकिस्तान के बीच जंग में 21 नवंबर को बांग्लादेश के जकीगंज में शहीद हो गए थे। मंदिर परिवार ने अपने खर्च पर बनवाया है, जो तीन साल में बनकर तैयार हुआ है।
प्रधानमंत्री की ओर से स्वर्णिम विजय वर्ष मशाल भी सुमेरपुर गांव में आएगी। इसी दौरान शहीद की 50वीं पुण्यतिथि पर मूर्ति का अनावरण कर्नल एडी एंड वी हेड क्वार्टर पूर्वा उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश सब एरिया के द्वारा किया जाना है। मंदिर 154 स्क्वॉयर फुट में बना है, जो दो मंजिला है। ग्राउंड फ्लोर पर प्लेटफार्म है, पहले फ्लोर पर मूर्ति स्थापित की गई है। इस मंदिर पर परिवार ने तीन लाख रुपए खर्च किए हैं।



