मानसून खत्म होने से पहले बारिश ने फिर देशभर को तरबतर कर दिया है। कहीं ये बारिश आराम दे रही है, तो कहीं जानलेवा बन गई है। केरल में लगातार हो रही बारिश से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। यहां बाढ़ और भूस्खलन से अब तक कुल 27 लोगों की जान गई है, जबकि 8 लापता हैं। बीती शाम केरल के कोट्टायम जिले में बाढ़ में पूरा एक घर बह गया।डिफेंस PRO ने बताया कि इंजीनियरिंग और मेडिकल यूनिट के साथ कन्नूर से सेना के जवानों का दल बचाव कार्यों के लिए वायनाड पहुंच गया है। सेना की ओर से अब तक कुल 3 टुकड़ियां तैनात की गईं हैं। राहत सामग्री के साथ नेवी चॉपर के जरिए बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा जारी है। वायुसेना स्टेशन शंगमुघम में वायु सेना के 2 हेलिकॉप्टर MI-17 स्टैंडबाय पर हैं।



