सोमवार को उत्तर प्रदेश में ईद का पर्व मनाया जाएगा। कोरोना संकट को लेकर जारी लॉकडाउन में पहली बार ऐसा होगा कि, ईदगाह व मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा नहीं की जाएगी। बाजारों में भी सन्नाटा रहा है। मौलाना सदर खालिद रशीद फरंगी महली ने ईद के एलान के साथ ही हिदायत भी जारी किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दी है। सीएम ने लोगों से लॉकडाउन व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की है। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य व ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा- ईद के लिए नए कपड़े जरूरी नहीं हैं, जो आपके पास हैं उन्हीं का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा- इमाम मोअज्जम के अलावा जो 3 लोग नमाज वर्तमान में पढ़ रहे हैं, वही ईद और अलविदा की नमाज भी पढ़ेंगे। बाकी सभी लोग अपने घरों पर ही नमाज अदा करें। कोई किसी के घर पर मिलने न जाए, घर पर ही खुशियां मनाएं। न किसी के गले मिले, न हाथ मिलाएं।




