भर्ती परीक्षाओं में पास कराने का दावा करने वाले गैंग के 131 सदस्य जेल भेजे जा चुके हैं। हालांकि नकल माफिया की जड़ें इतनी गहरी हैं कि ये हर बार नई तैयारी के साथ अपना नेटवर्क तैयार कर लेते हैं। रविवार को एसटीएफ ने एक बार फिर शिक्षक भर्ती परीक्षा में पेपर लीक करने के आरोप में एक प्रिंसिपल और एक सहायक शिक्षक को गिरफ्तार किया है।
सीओ एसटीएफ नवेंदु सिंह ने बताया कि एसटीएफ ने 4 सालों में जिन गैंगों का पर्दाफाश किया, उनका नेटवर्क प्रयागराज, आगरा, लखनऊ और दिल्ली तक थी।
अब तक साल्वर गैंग के 131 लोग हो चुके हैं गिरफ्तार
जनवरी 2018 से 17 अक्टूबर 2021 तक UP एसटीएफ सॉल्वर गैंग से जुड़े 131 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। 27 मार्च 2018 को एसटीएफ ने मेरठ में एमबीबीएस, एलएलबी, स्नातक और परास्नातक की उत्तर पुस्तिकाएं बदलने का खुलासा किया था।



