लखनऊ, 16 जनवरी 2026
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश को देश का खाद्य प्रसंस्करण हब बनाने का लक्ष्य है और इसके लिए युवा व उद्यमी इंडिया फूड एक्स्पो–2026 का भरपूर लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की खाद्य प्रसंस्करण नीति देश की सबसे बेहतर नीतियों में से एक है और विकसित भारत के प्रधानमंत्री के विजन को हर हाल में पूरा करने के लिए सभी को संकल्पबद्ध होकर काम करना होगा।
उप मुख्यमंत्री गोमती नगर स्थित रिगेलिया ग्रीन्स में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया फूड एक्स्पो एवं सेमिनार को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने एक्स्पो व प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया तथा इंडस्ट्रियल डायरेक्ट्री का विमोचन किया। सेमिनार में पीएमएफएमई योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले डीआरपी, बैंकर्स, उद्यमियों और लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही पांच उद्यमियों को एलओसी व सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए।
उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। उत्पादन, तकनीक, ब्रांडिंग और उपभोक्ताओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ानी है और भारत को विश्व की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाना है। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत है और औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल वातावरण है। खाद्य प्रसंस्करण नीति में महिलाओं को विशेष सुविधाएं दी गई हैं, सोलर ऊर्जा से जुड़े उद्यमों पर 90 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि किसानों की फसल किसी भी स्थिति में बर्बाद नहीं होनी चाहिए। किसान, उद्यमी और उपभोक्ता के बीच मजबूत चेन बनाना जरूरी है। इंडिया फूड एक्स्पो जैसे आयोजन किसानों, उद्यमियों और निवेशकों को साझा मंच प्रदान करते हैं। यह एक्स्पो निवेश, नवाचार और रोजगार के नए अवसर खोलेगा। सरकार हर निवेशक और उद्यमी के साथ खड़ी है।
कार्यक्रम में बताया गया कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति–2023 को निवेशकों के अनुकूल बनाया गया है, जिसमें भूमि, स्टाम्प शुल्क, मंडी शुल्क, मशीनरी, कोल्ड चेन, सोलर ऊर्जा और निर्यात परिवहन पर विशेष प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं। एक्स्पो का आयोजन 16 से 18 फरवरी तक किया जाएगा, जिसमें तीन दिवसीय प्रदर्शनी और विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अपर मुख्य सचिव बीएल मीना, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।
Date:



