प्रयागराज के शहर सचिव इरशाद उल्ला को 15 दिनों के लिए पार्टी के सभी पदों से निष्कासित कर दिया है। मंगलवार को इस मामले में कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रदीप नारायण द्विवेदी ने इरशाद को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उनसे 24 घंटे में जवाब मांगा था। यह भी कहा था कि यदि पार्टी जवाब से संतुष्ट न हुई तो पार्टी से उनका निष्कासन हो सकता है।
इरशाद ने कहा-अति उत्साह में जारी किया पोस्टर
इरशाद ने प्रदीप नारायण द्विवेदी के सामने बुधवार को अपना पक्ष रखा। कहा कि मीडिया में खबरें चल रही थीं कि सांसद वरुण गांधी सोनिया गांधी से मिलने उनके घर जाएंगे। यह खबर सुनकर अति उत्साह में मैंने पोस्टर जारी कर दिया। इस पोस्टर से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। इसकी पूरी जिम्मेदारी मेरी है। इसको मैंने अपने स्तर पर जारी किया। इससे अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मैं क्षमा मांगता हूं।
इरशाद पर पार्टी की छवि धूमिल करने का आरोप
कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रदीप नारायण द्विवेदी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया था कि इरशाद उल्ला की तरफ से लगातार किए जा रहे कार्य से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। पार्टी ने उनसे जवाब मांगा है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो पार्टी सदस्यता समेत सभी पदों से निष्कासित कर देगी।



