न्यूजीलैंड के स्पिन गेंदबाज एजाज पटेल ने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में कमाल की गेंदबाजी की है। उन्होंने भारतीय पारी के पहले 6 विकेट अपने नाम किए हैं। एजाज पटेल भारतीय सरजमीं पर शुरुआती 6 विकेट लेने वाले दूसरे विदेशी गेंदबाज हैं। इससे पहले इंग्लैंड के जॉन लीवर ने ये कारनामा (अपने डेब्यू टेस्ट) 1976 में दिल्ली टेस्ट में किया था।एजाज ने पहले टेस्ट मैच में 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे। भारत कानपुर टेस्ट जीत सकता था, लेकिन ये बड़े ही रोमांचक अंदाज में बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गया। मैच में कीवी टीम के सामने 284 रनों का टारगेट था, लेकिन न्यूजीलैंड ने अंतिम दिन डटकर बैटिंग करते हुए मुकाबले को ड्रॉ करा लिया।
मैच को ड्रॉ कराने में डेब्यू कर रहे रचिन रवींद्र और एजाज पटेल ने बड़ी भूमिका निभाई। रचिन ने 91 गेंदें खेलीं, जबकि एजाज ने भी विकेट बचाते हुए 23 गेंदों का सामना किया। आखिरी विकेट के लिए इस जोड़ी ने कुल 52 गेंदों का सामना किया।



