उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। इस दौरान डीएम, एसएसपी, और पुलिस कमिश्नर को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जनता की सुनवाई का निस्तारण तत्काल किया जाए। IGRS और CM हेल्पलाइन के तहत आने वाली शिकायतों की जन-सुनवाई में किसी भी तरीके की कोई लापरवाही न बरती जाए।
लापरवाही करने वाले जिले के अधिकारियों और जिले के SP पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीएम योगी ने जनसुनवाई में मौजूद न रहने वाले 31 डीएम व 24 एसपी से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने भविष्य में ऐसा दोबारा न हो इसके लिए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
स्वास्थ्य व्यवस्था व जन कल्याणकारी योजनाओं को जनहित तक पहुंचाया जाए
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता के लिए चलाई जा रही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ उन तक पहुंचाया जाए। इसके लिए हर सप्ताह जिले में मीटिंग कर हर कल्याणकारी योजना की जानकारी ग्राम स्तर तक दी जाए। शुद्ध पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था हर जिले में सुनिश्चित की जाए। डेंगू के बढ़ते मामले को देखते हुए एंटी लार्वा छिड़काव और फागिंग और सैनिटाइजेशन जैसी व्यवस्थाओं को निरंतर जारी रखा जाए।



