प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर अचानक एक केबल धू-धूकर जलने लगी। स्टेशन पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। काफी देर तक केबिल जलती रही और कर्मचारी तमाशबीन बने रहे। बाद में किसी तरह से इसपर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि उस वक्त प्लेटफार्म पर कोई सवारी गाड़ी नहीं खड़ी थी नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल स्टेशन पर इस तरह आग लगने से सुरक्षा उपायों पर सवाल जरूर खड़ा हो गया है। फिलहाल इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
गनीमत रही प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी थी मालगाड़ी
प्रयागराज जंक्शन पर अपराहन करीब 1:00 बजे प्लेटफार्म नंबर पांच पर मालगाड़ी खड़ी थी। मालगाड़ी और प्लेटफॉर्म के बीच में करीब 5 फीट की दूरी पर एक केबल अचानक विस्फोट के साथ जलने लगी। यह आग देखते ही देखते काफी दूर तक फैल गई। गनीमत रही की प्लेटफार्म नंबर 5 पर खड़ी मालगाड़ी के बैगन में आग नहीं लगी नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। काफी देर तक केबिल जलती रही। इस हादसे की सूचना रेलवे के अधिकारियों को दी गई तो मौके पर कई अधिकारी पहुंच गए। आग पर 40 मिनट बाद किसी तरह से काबू पाया जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लग सका है। रेलवे के अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं। जांच में यह देखा जाएगा कि यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या कोई साजिश तो नहीं है।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉक्टर शिवम शर्मा ने बताया कि केबिल में आग कैसे लगी इसकी जांच बैठा दी गई है। सीनियर डिविजनल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (सामान्य) इस मामले की जांच कर रहे हैं। आग कैसे लगी इसपर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। फिलहाल इस आग पर तत्काल काबू पा लिया गया है। कोई जनहानि नहीं है।



